श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थान पर चार महिलाओं को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला अपने पति के साथ पकड़ी गई है। जिला पुलिस के अनुसार सूरतगढ़ सदर थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर चंद्रभान धुआं ने कल देर रात को चक 28 पीएनबी के पास छिंद्रकौर निवासी अरनीवाला थाना बारोके ,जलालाबाद तथा समरजीतकौर उर्फ सिमरन निवासी नूरेशाह को 13 किलो 400 ग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार यह दोनों महिलाएं बीकानेर क्षेत्र से पोस्त अवैध रूप से खरीद कर लाई थीं, जिसे लेकर वे पंजाब जा रही थीं। उधर, सूरतगढ़ सिटी थाना के प्रभारी सीआई कृष्णकुमार ने कल देर रात को तेली धर्मशाला के पास रजनी को 15 ग्राम नशीले पदार्थ चिट्टा सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि रजनी के विरुद्ध पहले से ही चार मुकदमे दर्ज हैं।
इधर, श्रीगंगानगर में जवाहरनगर थाना अधीन मीरा चौक पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामविलास ने चौकी के पास ही सब रोड पर लखविंदरसिंह निवासी चक 28 एमडी, घडसाना हाल मलोट (पंजाब) और उसकी पत्नी दीपिका को एक कार में 35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया।
नशीले पदार्थाे सहित चार महिलाएं गिरफ्तार
