गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लोन दिलाने के नाम पर ठगी, एक गिरफ्तार

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा तथा खेतिया में तिरुपति बालाजी मंदिर ट्रस्ट में सदस्य बनाकर कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देकर 18 लाख रुपये ठगने के मामले में आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सेंधवा शहर थाना प्रभारी राजेश यादव के अनुसार सेंधवा के मुजफ्फर अली की शिकायत पर आंध्र प्रदेश के पूर्व गोदावरी जिले के राजमुंदरी अर्बन निवासी एन मलंग शाह निवासी को भोपाल से गिरफ्तार कर आज एक न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त की गई है।
उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2019 को एन मलंग शाह और एक अन्य आरोपी मोहम्मद आरिफ सेंधवा के मुजफ्फर अली की दुकान पर आए और उन्होंने शासकीय मान्यता प्राप्त रॉयल नर्सरी कंपनी का एजेंट बताकर पौधे देने की बात कही। इसके बाद उन्होंने तिरुपति बालाजी मंदिर ट्रस्ट व तिरुपति आंध्र प्रदेश में सदस्य बनाकर कम ब्याज पर दो करोड़ रुपये लोन दिलाने का लालच देकर 11.75 लाख रुपये ले लिए तथा किसी भी प्रकार का लोन नहीं दिलाया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने इसी तरह की वारदात खेतिया में भी लोगों से की है और करीब 6 लाख रुपये ठगे हैं।
सेंधवा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कमल सिंह चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपी एन मलंग शाह अपने एजेंट बनाकर उनके माध्यम से शासकीय नर्सरी के पौधे बेचता हैं और जब व्यक्ति को इन पर पूरी तरह विश्वास हो जाता है तब वे आंध्रप्रदेश के सुप्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर ट्रस्ट में सदस्य बनाने एवं उसके बाद ट्रस्ट से बेहद कम ब्याज दर पर करोड़ों का लोन दिलाने के नाम पर रुपए ऐंठ लेते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी संभावना लगती है कि उन्होंने कई प्रदेशों में इस तरह की धोखाधड़ी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *