अनिल विज ने दिये कार्रवाई के निर्देश
चंडीगढ़ : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शनिवार को कबूतरबाजी के कई मामले पर कार्रवाई के लिये गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को कार्रवाई के निर्देश दिये। कैथल से आये फरियादी ने गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि एजेंटों ने उसे जर्मनी वर्क वीजा पर भेजने के नाम पर उससे छह लाख रुपये की ठगी की। उसने बताया कि पहले एजेंटों ने उसे जर्मनी भेजने का झांसा देकर रूस भेज दिया, वहां कुछ दिन रहने के बाद आगे भेजने के बजाय वापस भारत आने को कहा गया।
इसके बाद एजेंटों ने उसे श्रीलंका के रास्ते दुबई भेजा और झांसा दिया कि आगे जर्मनी जल्द भेजा जायेगा। दुबई में कुछ माह रहने के बाद उसे कजाकिस्तान भेजा गया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने बीते वर्ष जुलाई माह में डि-पोर्ट करते हुये नयी दिल्ली की फ्लाइट पर बिठा दिया। देश में आकर उसने एजेंटों से पैसे वापस मांगे तो उसे धमकियां दी गयी।
इसी तरह, कबूतरबाजी के एक अन्य मामले में यमुनानगर निवासी युवक को पुर्तगाल भेजने के नाम पर एजेंटों ने नौ लाख रुपये की ठगी की। युवक ने गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि पुर्तगाल भेजने के लिये एजेंटों ने उसे वीजा दिखाया लेकिन वह फर्जी था। इसी प्रकार, कुरुक्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि उसे स्टडी वीजा पर इंग्लैंड भेजने के नाम पर एजेंटों ने उससे 21 लाख रुपये की ठगी की, जो वीजा उसे दिया गया वह फर्जी था। वहीं, कुरुक्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि उससे अमेरिका भेजने के नाम पर 9.50 लाख रुपये की ठगी की गयी।
आयकर विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, गृह मंत्री अनिल विज ने स्टेट क्राइम ब्यूरो को कार्रवाई के निर्देश दिये।
भिवानी से आये फरियादी ने श्री विज को बताया कि भिवानी में उसे एक ठग ने आयकर विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 21.65 लाख रुपये की ठगी की। इसके उपरांत न नौकरी लगी न पैसे वापस मिले। उसने भिवानी पुलिस थाने में केस दर्ज भी कराया, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गृह मंत्री ने मामले में स्टेट क्राइम ब्यूरो को मामले की जांच के निर्देश दिये।
