अमृतसर : लक्ष्मीकांता चावला ने पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह से राज्य में फैले डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल बुखार का उपचार मुफ्त करने की मांग की है। प्रो चावला ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख कर कहा कि डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल बुखार के कारण अमृतसर के हालात बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में जितना प्रबंध है, मरीज उससे ज्यादा हैं। आप इस बीमारी को गंभीरता से लें। सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के आभाव में लाखों रुपये खर्च करके लोग प्राइवेट अस्पतालों में पड़े हैं। वहां भी मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण एक एक कमरे में दो या तीन मरीज रखे गये हैं।
प्रो चावला ने कहा कि डेंगू मरीजों को प्लेट्लेट्स आदि बिना किसी खर्च के दिए जाएं और दवाइयां भी सरकार दे। जो लोग प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने को मजबूर हैं उन्हें भी कोई सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि चिकनगुनिया का मरीज तो जोड़ों की दर्द के कारण पंद्रह दिनों तक कम से कम रोटी कमाने के लिए भी नहीं जा सकता। इसे गंभीरता से लेते हुए जनता को राहत दें और कर्मचारियों को इस बीमारी के कारण जो छुट्टी लेनी पड़ती है उसका वेतन नहीं काटा जाना चाहिए। शहरों में सफाई और मच्छरों से मुक्ति के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
डेंगू , चिकनगुनिया का उपचार हो मुफ्त
