श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर सहित कश्मीर के कई हिस्सों में शनिवार को ताजा हिमपात हुआ। कश्मीर घाटी में इस सप्ताह में दूसरी बार हिमपात हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर शहर और कश्मीर घाटी के अन्य कस्बों में सुबह से हिमपात शुरू हुआ और पूरे दिन जारी रहा।
केंद्र शासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मध्यम से भारी हिमपात होने का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा कि रविवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम हिमपात या बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों में ऊंची चोटियों में भारी हिमपात होने का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा कि इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे सुधार हो सकता है।
जम्मू के मैदानी इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। वहीं छह फरवरी से मौसम में सुधार होने के आसार जताये हैं।
इस बीच शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान में नीचे गिरने से कश्मीर घाटी में शनिवार को ठंड से थोड़ी राहत मिली। कश्मीर में शुक्रवार की रात तापमान में गिरावट आने से कुछ शहरों में पिछले 16 वर्षों में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान आज जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे रहा। उत्तरी कश्मीर में प्रसिद्ध स्की स्थल गुलमर्ग रिसॉर्ट में सबसे ज्यादा ठंड हुई जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
दक्षिण कश्मीर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के सीमांत कुपवाड़ा शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। केन्द्रशासित प्रदेश के इस इलाकों में रात के तापमान में गिरावट उस समय भी आई जब इस सप्ताह के शुरू में क्षेत्र में 40 दिनों की सर्दियों की अवधि समाप्त हुई।
कश्मीर में हुआ ताजा हिमपात
