श्रीनगर : केंद्रशासित जम्मू- कश्मीर प्रशासन ने राजधानी श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में शुक्रवार की सामूहिक नमाज की अनुमति नहीं दी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। जामिया मस्जिद श्रीनगर के प्रबंध निकाय अंजुमन औकाफ ने कहा कि न केवल नमाज की अनुमति नहीं दी गई, बल्कि मुख्य मौलवी मीरवाइज उमर फारूक को भी नजरबंद कर दिया गया। मौलवी मीरवाइज को हाल ही में चार साल की नज़रबंदी के बाद रिहा किया गया था।
मस्जिद को बंद करने के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि जामिया में नमाज की इजाजत नहीं दी गई और मौलवी मीरवाइज को नजरबंद करने का फैसला इजरायल विरोधी और फिलिस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शन के डर से किया गया। गाजा में युद्ध के बीच विरोध प्रदर्शन को विफल करने के लिए पुराने शहर और संवेदनशील इलाकों में मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है।
जामिया मस्जिद के प्रबंध निकाय ने कहा कि अधिकारियों ने सुबह केंद्रीय मस्जिद के सभी दरवाजे बंद कर दिए और उन्हें सूचित किया कि आज शुक्रवार की नमाज अदा नहीं की जाएगी। प्रबंध मंडल ने सरकारी कार्रवाई की निंदा की। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले से जारी रिपोर्टों में बताया गया कि शुक्रवार की सामूहिक नमाज के समापन के बाद कई इलाकों में इजराइल विरोधी और फिलिस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शन हुए।
जामिया मस्जिद में जुमे की सामूहिक नमाज की अनुमति नहीं
