देवबंद : हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक की हिंसा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के देवबंद नगर में पुलिस शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किये गये और नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जुमे की नमाज को लेकर देवबंद नगर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट दिखाई दिया। एसपी देहात सागर जैन और नवागंतुक एसडीएम अंकुर वर्मा के नेतृत्व में देवबंद नगर के विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई।
शुक्रवार को एसपी देहात सागर जैन, नवगंतुक एसडीएम अंकुर वर्मा, सीओ देवबंद रामकरण सिंह, कोतवाली प्रभारी देवबंद हृदय नारायण सिंह और इंस्पेक्टर सिराजुद्दीन सहित पुलिस बल ने देवबंद नगर के विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की। पुलिस-प्रशासन की ओर से देवबन्द नगर के दारूल उलूम चौक, मस्जिद रशीद और मरकजी जामा मस्जिद सहित नगर की बड़ी मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था।
एसपी देहात सागर जैन ने इस दौरान कहा कि उनका यह रूटीन मार्च है, नगर और जनपद का माहौल पूरी तरीके सामान्य है। उन्होंने कहा कि देवबंद में परंपरागत रूप से जुमे की नमाज अदा की गई, नमाज अदा करके लोग अपने घरों को चले गए। उन्होंने लोगों से नगर और जिले में शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई जुमे की नमाज
