लाश को तिरपाल में लपेटकर आग लगाई; घरवालों से मांगी 10 लाख की फिरौती
आगरा। आगरा में छात्र लव की हत्या उसके दोस्तों ने सिर्फ 10 हजार रुपए के लिए की थी। दोस्तों ने उसे कॉलेज जाते वक्त रोका। उससे उधार के पैसे मांगे। इस दौरान विवाद हो गया। इसके बाद दोस्तों ने उसका गला रेत दिया। फिर लाश को तिरपाल में लपेट कर आग लगा दी। यही नहीं, दोस्तों ने परिवार को गुमराह करने के लिए किडनैपिंग की साजिश रची। उन्होंने फोन करके उसके पिता से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी। मगर सर्विलांस की मदद से पुलिस हत्यारोपी दोस्तों तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट करके सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने जुर्म कबूल लिया।
रुपए मांगने पर झगड़ा हुआ, फिर चाकू मार दिया
एसपी (पश्चिम) सोनम कुमार ने बताया, छात्र लव की हत्या मामले में राजेश और मोंटी को पकड़ा गया है। दोनों छात्र लव के दोस्त हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया, लव (20) ने उनसे 10 हजार रुपए उधार लिए थे। कई बार मांगने के बावजूद उसने रुपए वापस नहीं किए। गुरुवार सुबह वह रघुनाथ कॉलेज जा रहा था। हमने उसको रोक लिया और रुपए वापस मांगे। मगर वो टाल मटोल करने लगा।
इस पर झगड़ा होने लगा। हमारे पास चाकू था। उसी से उसका गला रेत दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद हम लोग घबरा गए। फिर लाश को छिपाने के लिए एक पीले रंग का तिरपाल लेकर आए। मगर, जल्दबाजी में हमने लाश को उसी तिरपाल से लपेट कर आग लगा दी। ताकि उसकी पहचान न हो सके।
भेद न खुल जाए, इसलिए किडनैपर बने
आरोपियों ने बताया कि हम जानते थे कि लव के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग पुलिस के पास जाएंगे। कही हमारा भेद न खुल जाए, इसलिए घर पर किडनैपर बनकर करीब 12 बजे फोन किया। फोन लव के पिता राम प्रसाद ने उठाया। कहा कि तुम्हारा बेटा अगवा हुआ है। 10 लाख रुपए फिरौती दो। नहीं देने पर उनके बेटे को मार देने की धमकी दी। इसके बाद घबराए परिजनों ने पुलिस को बेटे के किडनैप होने की सूचना दी।
10 हजार के लिए दोस्त का गला रेता
