गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

युवा देश का भविष्य निर्माता

पाली : द्रोपदी मुर्मू ने युवाओं को देश का भविष्य निर्माता बताते हुये कहा हैं कि स्काउट और गाइड जो भी काम करते है दिल से करते हैं। मुर्मू ने बुधवार को पाली जिले के रोहट में 18वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जम्बूरी का उद्घाटन करते हुये कहा कि भारत स्काउट गाइड तन, मन, धन से पूरे विश्व के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि युवा समाज की बेहतरी और भविष्य संवारने के लिए संघर्ष करने के साथ “हम होंगे कामयाब सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो अवश्य ही कामयाबी कदम चूमेगे।”
उन्होंने कहा कि उस्काउट-गाइड लड़के-लड़कियों के चरित्र निर्माण का कार्य करता है। युवा यहां से इंसानियत और मोहब्बत का जज्बा सीखें और जिंदगी में अपनाएं। उन्होंने कहा कि खुशी है कि यह जम्बूरी ऐसी भूमि पर हो रही है, जो शौर्य और वीरता की भूमि है। मुर्मू ने कहा कि स्काउट-गाइड ने व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, समाज के सामूहिक कल्याण के लिए खुद को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से जागृत और नैतिक रूप से सही रखने का वादा किया है।
इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राजस्थान समृद्ध और सांस्कृतिक प्रदेश है। यह गौरव का क्षण है कि 18वीं जम्बूरी राजस्थान में हो रही है। 67 साल पहले जब जम्बूरी आयोजित हुई थी तब से अब तक तक काफी कुछ बदल गया है। उन्होंने कहा कि जम्बूरी का अर्थ होता है, आपस में मिलकर चर्चा करना और सीखना। यह सभ्यता और संस्कृति को सीखने की सभा है। स्काउट-गाइड विश्व का ऐसा संगठन है जिसकी उम्र सबसे ज्यादा है. यह संगठन समाज के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार दिए जाएंगे तो उनका जीवन और भविष्य बेहतर बनेगा। यह संगठन नवयुवाओं में सेवा भाव उत्पन्न करता है। आपदा से सामना करने का साहस देता है। त्याग और सेवा स्काउट्स का गुण है. इन्हीं गुणों के साथ भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने का प्रयास करें।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वह भी बचपन में स्काउट रहे। स्काउट-गाइड बनना फख्र की बात है। यहीं से सामाजिक संस्कार सीखते हैं. बचपन में जो सीखेंगे, वो जीवन की प्रगति में सहायक होगा और जीवन सफल होगा. यह मुल्क अनेकता में एकता का मुल्क है। उन्होंने कहा कि यहां अनेक भाषा, पहनावा और संस्कृति है. जम्बूरी जैसे आयोजन में एक-दूसरे की संस्कृति को देखने और सीखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि राजस्थान के 37 हजार स्कूल-कॉलेजों में करीब 12 लाख स्काउट्स और गाइड्स हैं। कोरोना काल, आपदा प्रबंधन, नशा मुक्ति एवं अन्य कई सामाजिक सेवा कार्यों में इनकी भागीदारी रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजस्थान की धरती से त्याग और तपस्या का संदेश पूरे मुल्क में लेकर जाएंगे।
ऐतिहासिक जम्बूरी के उद्घाटन समारोह को भारत स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन और स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और लोक कलाओं का प्रदर्शन किया गया। भारतीय वायु सेना के सूर्यकिरण विमानों का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *