गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गैफनी, इलिंगवर्थ होंगे डब्ल्यूटीसी फाइनल के अंपायर

दुबई : न्यूजीलैंड के क्रिस गैफनी और इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सात जून से होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में अंपायर की भूमिका निभाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
इंग्लैंड के 48 वर्षीय गैफनी अपने 49वें टेस्ट मैच में खड़े होंगे, जबकि 59 वर्षीय इलिंगवर्थ के लिये यह 64वां टेस्ट होगा। इलिंगवर्थ दो साल पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गये डब्ल्यूटीसी फाइनल में भी उपस्थित थे, जिसे कीवी टीम ने आठ विकेट से जीता था।
इंग्लैंड के एक अन्य अंपायर रिचर्ड केटलबोरो भी लगातार दूसरे डब्ल्यूटीसी फाइनल में अंपायरिंग करेंगे, जिन्हें एक बार फिर टीवी अंपायर नियुक्त किया गया है। श्रीलंका के कुमार धर्मसेना चौथे अंपायर होंगे। वेस्ट इंडीज के रिची रिचर्डसन मैच रेफरी की भूमिका निभाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया सात से 11 जून के बीच खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगे। डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिये 12 जून को ‘रिजर्व डे’ चुना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *