श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर गुरुवार को भारी हिमस्खलन हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन सोनमर्ग में ज़ोजिला सुरंग निर्माण स्थल की कार्यशाला के पास सरबल क्षेत्र में अपराह्न लगभग दो बजे हुआ। उन्होंने कहा, “कंपनी या परियोजना से जुड़े लोगों के जीवन या संपत्ति का कोई नुकसान नहीं हुआ।” उधर, सोनमर्ग में ट्रक यार्ड के पास एक और हिमस्खलन होने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुयी है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष ज़ोजिला सुरंग पर काम कर रहे दो श्रमिकों की हिमस्खल में में मौत हो गयी थी।
