बरेली: उत्तर प्रदेश में बरेली जिले की बारादरी पुलिस ने गाड़ी बुक कराकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नगर रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गिरोह के तीन सदस्य मैनपुरी के रहने वाले शिवचरण एवं ब्रजेश और अलीगढ़ के रहने वाले सुमित को गुरुवार रात गिरफ्तार कर इनके कब्जे से लूट की इनोवा गाड़ी बरामद की गई है। इस मामले में सुमित की महिला मित्र पीलीभीत की रहने वाली गुरविंदर कौर और अरविंद फरार है, जिन्हें तलाश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गैंग के सदस्य ऑनलाइन गाड़ी बुक कर ले जाते हैं और ड्राइवर को रास्ते में मारपीट कर गाड़ी से उतार देते हैं, जिसके बाद गाड़ी लेकर फरार हो जाते हैं। किसी को शक न हो इसके लिए ये महिला को भी साथ रखते हैं।
पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्यों ने छह जुलाई को गाड़ी आगरा के लिए बुक कराई थी, जिसे आकाश नाम का ड्राइवर लेकर गया था लेकिन, जब आकाश का कोई पता नहीं चला तो गाड़ी मालिक ने 11 जुलाई को बारादरी थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने ड्राइवर की गुमशुदगी दर्ज कर गाड़ी और ड्राइवर की तलाश शुरू की और बदायूं से गाड़ी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटी गई गाड़ी बरामद हो गई है, जबकि ड्राइवर का अभी पता नहीं चल पाया है। पकड़ में आए बदमाशों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने ड्राइवर को औरैया में उतार दिया था। ड्राइवर की तलाश में पुलिस की टीम को औरैया भेजा गया है।
