कटनी : मध्यप्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक ट्रक और कार से एक क्विंटल पच्चीस किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने आज बताया कि आंध्रप्रदेश से ग्रेनाइट पत्थर लोड कर गुड़गांव भेजा जा रहा था। उसी ट्रक में गांजा की तस्करी करने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस को उमरियापान रोड पर तैनात किया गया। पुलिस टीम ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से ग्रेनाइट के बीच में छिपाया गया पच्चीस-पच्चीस किलोग्राम की गांजा चार बोरिया पुलिस ने जब्त की।
ट्रक में सवार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ चार अन्य लोग भी है, जो कार से आ रहे हैं। इसी बीच एक कार भी आते हुई दिखी। लेकिन तभी कार चालक ने पुलिस को देखकर कार को मोड़कर वापस जाने लगा, जिसे पुलिस ने रोक लिया। कार की तलाशी के दौरान उसके अंदर से गांजे से भरी पच्चीस किलोग्राम एक बोरी मिली। पुलिस ने ट्रक और कार से करीब 125 किलोग्राम गांजा, एक कार, एक ट्रक जब्त किया है।
जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 18 लाख 75 हजार, ट्रक कीमत करीब 40 लाख और कार की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गयी है। गांजा तस्करी के आरोप में पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उसमें छतरपुर जिले के अलीपुर निवासी हारुन मंसूरी, उत्तरप्रदेश महोबा निवासी उत्तम अहिरवार, झांसी निवासी मुईन काजी, महोबा दिनेश गुप्ता, ईरशाद खान, जितेन्द्र कुमार अवस्थी, छतरपुर निवासी सोनू राय और शिवकुमार यादव शामिल हैं।
