मोरबी : गुजरात के मोरबी तालुका क्षेत्र में सोमवार को गैस सिलेंडरो में विस्फोट से लगी आग में चार दुकाने जलकर खाक हो गयीं। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गयी। अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्रसिंह जाडेजा ने बताया कि आज सुबह गाणा गांव के निकट हार्डवेयर की दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए।
दमकल कर्मियों ने करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि दुकान में शॉर्टसर्किट से लगी आग लग गयी इस बीच दुकान में रखे 10 सिलेंडरों में विस्फोट हो गया जिससे तीन अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गयीं और उनमें रखा सामान जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
