कोटा : अशोक गहलोत ने कोटा में रानपुर स्थित जय मिनेश आदिवासी विश्वविद्यालय में खेल संकुल निर्माण के लिए 10 लाख रुपए का चेक भेंट किया। जयपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर अखिल भारतीय मीणा सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति कोटा ने इस विश्वविद्यालय के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए मुख्यमंत्री गहलोत का अभिनंदन किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय मीणा सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति के अध्यक्ष एवं बस्सी से विधायक लक्ष्मण मीणा, जमवारामगढ़ से विधायक गोपाल मीणा, समिति के निदेशक एवं जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन आर डी मीणा आदि उपस्थित थे।
समारोह में आदिवासी मीणा समुदाय की महिलाओं ने लोकगीतों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया और महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं स्वतंत्रता सेनानी भैरूलाल काला बादल की जीवनी भी भेंट की गई।
