कोटा : अशोक गहलोत ने बुधवार को कोटा में ऑक्सीजोन सिटी पार्क (द गार्डन ऑफ जॉय) को लोकार्पण कर कोटा को सौगात दी। गहलोत ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल और अन्य मंत्रियों के साथ पार्क का अवलोकन किया। श्री गहलोत ने पार्क में पौधारोपण भी किया और गन मेटल से बनी ट्री मैन प्रतिमा के सामने सामूहिक फोटोशूट कराया। चिल्ड्रन पार्क में बच्चों ने फूल देकर गहलोत का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों के लिए बधाई संदेश लिखा। उन्होंने बोट में बैठकर भी पार्क का निरीक्षण किया।
इससे पहले गहलोत ने वाणिज्यिक कर विभाग के नवनिर्मित कर भवन कोटा और दी कोटा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड कोटा के नवनिर्मित प्रधान कार्यालय एवं नवीन शाखा भवन की लोकार्पण पट्टिका का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय विकास में राजस्थान मॉडल स्टेट बन गया है। इस पार्क में कोटावासियों के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को खुशनुमा माहौल मिलेगा।
यहां नेचर और म्यूजिक के बीच घूमकर तनावमुक्त होंगे। पार्क में दोनों प्रवेश द्वारों पर विशाल फाउण्टेन भी बनाया गया है। समारोह में शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस अवसर पर आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने पार्क के विकास और खासियतों की सम्पूर्ण जानकारी दी।
ऑक्सीजोन सिटी पार्क 120 करोड़ रुपए की लागत से बना है और इसके निर्माण में आठ सौ दिन लगे है। यह 30 हैक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया। चार किलोमीटर पक्का ट्रेक एवं 1.25 किलोमीटर नहर के सहारे जॉगिंग ट्रेक बनाया गया हैं। इसमें 1.04 किलोमीटर एवं 12-15 मीटर चौड़ाई की एक कैनाल बनाई गई है। दो लाख से अधिक पौधे लगाए गए है। दो सौ विदेशी-देशी पक्षियों के लिए एक पक्षीशाला (ऐवियरी) एवं 85 प्रतिशत हरियाली प्राकृतिक तरीके से विकसित की गई है।
पन्द्रह मीटर ऊंची गन मेटल से प्रतिमाएं बनाई गई है जो ट्री मेन, नॉलेज इज फ्रीडम, सेव द अर्थ जैसे अलग अलग संदेश देते नजर आती है। 13 गुना 28 मीटर का एक ग्लास हाउस का निर्माण किया गया है। एक आर्टिफिशियल पहाड़ी (आर्ट हिल) का भी निर्माण किया गया है। 12 गुना 12 मीटर एवं नौ मीटर ऊंचा इन्वर्टेड पिरामिड पर 3डी मेपिंग होगी। 10 मीटर की ऊंचाई पर 45 गुना 40 मीटर का डक पौंड भी बनाया गया है।
इसी तरह एक झरना बनाया गया है जो 320 मीटर लम्बाई में निकलता है। नहर के ऊपर दो स्टोन ब्रिज, एक वुडनब्रिज एवं एक रेम्पब्रिज भी नजर आयेंगे। इसके अलावा सिटी पार्क में फूड जोन, कैफे, सिटी बाजार, एम्पीथियेटर, किड्स जोन, ओपन जिम भी बनाया गया है।
