पुलिस बेड़े में आई 25 हाईटेक नाइट हॉक इटरसेप्टर
जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज शाम यहां पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक से पूर्व यातायात पुलिस के लिये उपलब्ध कराई जा रही इंटरसेप्टर का अवलोकन किया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी के सिंह ने बताया कि पुलिस की यातायात शाखा को 25 आधुनिक इंटरसेप्टर मिले है। ये सभी डिजिटल जीपीएस, वाईफाई, इंटरनेट तकनीक से लैस हैं। इसमे उच्च गुणवत्ता वाले हाई डेफिनेशन कैमरा सहित 1 किलोमीटर दूरी से वाहनों की गति मापने की क्षमता का स्पीड लेजर गन उपलब्ध है।
दिन में 250 मीटर और रात मे 100 मीटर की दूरी से तेज गति के वाहनों की नम्बर प्लेट की पहचान कर वाहन के फोटो और वीडियो लेकर इंटरनेट के जरिये ऑनलाइन ई चालान जारी करने में सक्षम है। एडीजी श्री सिंह ने बताया कि इस वाहन में लेज़र ट्रैक गति कैमरा के अतिरिक्त, 360 डिग्री के कैमरा रिकॉर्डर, श्वांस से एल्कोहल की पहचान की क्षमता, टिंट मीटर, एलईडी साइनेज, एलईडी लाइटबार और उच्च क्षमता का साइरन और पीए सिस्टम की खूबी है। प्राथमिक बचाव और प्राथमिक चिकित्सा किट भी है।
