गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बालिका की गला घोंटकर हत्या, अधजला शव मिला

जौनपुर : उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बालिका का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गयी। बालिका की गला घोंट कर हत्या की गयी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खानपुर अकबर गांव में ननिहाल शादी समारोह में शामिल होने आई आजमगढ़ की बालिका की बुधवार की रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह अधजला शव घर से कुछ दूरी पर स्थित खाली पड़े प्लाट में फेंका मिला। पुलिस व फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
उन्होने बताया कि आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली निवासी रिंकू सोनकर अपनी ससुराल खानपुर अकबर में अपने साले राधेश्याम सोनकर के घर 28 नवंबर को सपरिवार आए थे। बीती रात राधेश्याम की पुत्री पूजा की शादी थी। परिवार के लोगों कहना है कि रात में शादी के चलते किसी का रिंकू सोनकर की 12 वर्षीय पुत्री रागिनी की तरफ ध्यान नहीं गया। गुरुवार की सुबह नौ बजे तक जब रागिनी दिखाई नहीं पड़ी तो खोजबीन की जाने लगी लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लगभग दस बजे के करीब घर के उत्तर तरफ करीब 50 मीटर की दूरी पर खाली प्लाट में रागिनी का शव देख सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। सीओ सदर एसपी उपाध्याय व फील्ड यूनिट भी आ गई। रागिनी सोनकर की गर्दन, हाथ, कंधे, पैर सहित शरीर में कई जगह चोट थी। दोनों हथेलियां, कंधा व सिर के कुछ हिस्से का बाल जला था। एक जूता उसके पैर में था जबकि दूसरा गायब था। जूते के फीते से उसका गला कसा हुआ था। छानबीन के दौरान ननिहाल के पक्के मकान के दक्षिणी तरफ मामा के ही छप्पर में जली हुई प्लास्टिक, टूटी चूड़ियां,जूता का फीता, राख सहित कई संदिग्ध वस्तुएं पाई गईं जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने छानबीन के लिए कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *