गौतम बुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा की शिव नाडर यूनिवर्सिटी में एक छात्र ने एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। छात्रा की हत्या करने के बाद उसने खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। छात्रा कानपुर की रहने वाली थी, जबकि छात्र अमरोहा का था। दोनों बीए सोशियोलॉजी थर्ड ईयर में पढ़ते थे। गुरुवार दोपहर अनुज और उसकी क्लासमेट नेहा ने डाइनिंग हॉल के सामने कुछ समय बात की और गले मिले। इसके बाद अनुज ने पिस्टल से लड़की को गोली मार दी। इसके बाद अनुज ने बॉयज हॉस्टल के रूम नंबर 328 में जाकर अपनी कनपटी पर गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हॉस्टल में मौजूद छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जिसने पुलिस को इन्फॉर्म किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोनों स्टूडेंट्स के घरवालों को भी सूचना दी गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। ज्यादातर स्टूडेंट अपने घर जा चुके हैं। इन लोगों को भी आज ही घर जाना था। मामले की जांच अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
