खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर आज शाम स्कूटर सवार बुजुर्ग से दो बदमाशों ने दो सोने की चेनें छीन ली।
खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि 80 वर्षीय नवनीतलाल महाजन से अज्ञात 2 दुपहिया वाहन सवारों ने दो सोने की चेनें खींच ली और फरार हो गए। जवाहर नगर निवासी नवनीत लाल महाजन अपने मित्र बालकृष्ण महाजन के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर सिद्धिविनायक मंदिर जा रहे थे।
इसी दौरान प्रणे पुल पर दो पहिया वाहन सवारों ने अपना वाहन अड़ा दिया और उन्हें कहा कि पीछे पुलिस बुला रही है। जैसे ही वे पीछे की ओर देखने लगे इसी दौरान एक आरोपी ने नवनीतलाल के गले से दो सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटनाक्रम के चलते दोनों बुजुर्ग नीचे गिर गए इसमें नवनीतलाल को घुटनों व पंजों में चोट आई है। पुलिस ने सीसीटीवी में घटनाक्रम देखा और पता लगाया कि इसमें एक आरोपी ने हेलमेट पहना है जबकि दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांधा है।
