तटवर्ती इलाके बाढ़ के पानी से घिरे
गोण्डा : पहाड़ों पर हो रही बारिश और बैराजों से डिस्चार्ज पानी से उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के कर्नलगंज तहसील इलाके मे घाघरा नदी उफान पर है। सोमवार को एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान को पारकर करीब 20 सेमी ऊपर बह रही थी।
वहीं नवाबगंज तहसील क्षेत्र में उफनायी सरयू खतरे के निशान से तनिक नीचे बहकर बंधे को ठोकरें मारने लगी है। सरयू की धारा माझा क्षेत्र के दर्जनों तटीय गांवों तक फैलने लगी है। आपदा प्रबंधन सूत्रों के अनुसार, दोनो नदियों के तेज प्रवाह से प्रभावित हो रहे गांवों में नकहरा, प्रतापपुर, घरकुंडली घरकुंइया, काशीपुर,दत्तनगर, साकीपुर, तुलसीपुर, गोकुला, इन्दरपुर, जैतपुर, माझाराठ, दुर्गागंज, महेशपुर समेत करीब तीस तटवर्ती गांव बाढ़ के पानी से घिरते जा रहें हैं। नदियों के धीरे धीरे फैलाव से आसपास के गांवों में बसे ग्रामीणों को बाढ़ का भय सताने लगा है।
घाघरा के निरन्तर बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की विभीषिका की आशंका से किसान खौफजदा है । निचले भू-भाग के खेतों में पानी आ जाने से फसलें प्रभावित होने लगी है। वहीं अगले फसल के लिए खेतों की तैयारी पर भी ग्रहण लग गया है। आपदा प्रबंधन सूत्रों के अनुसार, सभी 28 बाढ़ चौकियो पर तैनात आपदाकर्मी एलर्ट पर है । इन चौकियों पर लगे स्वास्थ्य, पशु विभाग, राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मियों को उपस्थित रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नदियों के तेज बहाव की ठोकरों से बंधों बचाने के लिये निरन्तर मरम्मत कार्य जारी है ।
