गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटेल के निवास पर ‘सुशासन दिवस-2023’ का आयोजन

गांधीनगर : भूपेंद्र पटेल के निवास पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर ‘सुशासन दिवस-2023’ सोमवार को आयोजित किया गया। पटेल ने इस कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशासन के मन्त्र को चरितार्थ कर गुजरात और देश को वैश्विक पहचान दिलाई है। उनके 20 वर्ष से अधिक के कार्यकाल में आगे बढती हुई विकास यात्रा की नींव में जनकल्याण एवं सुशासन की विशेष भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके वास्तविक लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत सेचुरेशन के साथ पहुंचाने के उद्देश्य के साथ प्रधानमंत्री ने भारत संकल्प यात्रा शुरू करायी। इस यात्रा के दौरान लोगों तक सरकार पहुंचाने के उद्देश्य से लाभार्थियों को उनके दरवाजे तक सेवाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अंतिम छोर पर स्थित मानव तक सेवाओं की सरल एवं त्वरित डिलीवरी से गुड गर्वनेन्स साकार हुआ है। राज्य सरकार ने बॉटम टू टॉप एप्रोच के साथ कार्य करके सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
राज्य सरकार लोगों के लिए लोगों तक पहुंचने के कर्तव्य भाव से कार्य कर रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने नई पहल के तहत सीएम कार्यालय की अपडेट वेबसाइट, स्वागत ऑनलाइन की अद्यतन वेबसाइट और सीएम डैशबोर्ड के नए लॉन्च किए गए दो पेरामीटर्स का लॉन्चिंग किया। सीएम कार्यालय की यह नई वेबसाइट सरल नेविगेशन, सहज एक्सेस, मोबाइल रिस्पॉन्सिव पेज, समाचार और प्रेस रिलीज़ की सरल शेयरिंग, फोटो- वीडियो के लिए सरल वॉल सहित कई सुविधाओं से परिपूर्ण है। इससे अब सोशल मीडिया पर सीएमओ द्वारा की गई हर पोस्ट देखी जा सकेगी। साथ ही राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी नई वेबसाइट के होम पेज से मिलेगी।
स्वागत (एसडब्ल्यूएजीएटी) कार्यक्रम की अद्यतन वेबसाइट में नई सुविधाएँ जोड़ी गई हैं। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर नागरिकों के प्रश्नों का समाधान नहीं किया जाता है, तो आवेदन स्वचालित रूप से उच्च प्राधिकारी को स्थानांतरित कर दिया जायेगा। आवेदनों के त्वरित निपटान और मॉनिटरिंग के लिए ऑटो एस्केलेशन मैट्रिक्स सिस्टम शुरू किया गया है। इसके अलावा सीएम डैशबोर्ड को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रियल टाइम परफॉर्मेंस मेजरमेंट सिस्टम 2.0 और डिपार्टमेंट परफॉर्मेंस अलर्ट मॉनिटरिंग सिस्टम पेश किया गया। रियल टाइम परफॉर्मेंस मेजरमेंट सिस्टम 2.0 ज़िला अधिकारियों का पांच प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा। साथ ही, परफॉर्मेंस अलर्ट मॉनिटरिंग सिस्टम विभाग के मंत्रियों और सचिवों को विभाग की प्रजालक्षी योजनाओं की उपलब्धियों, कहां कमी रह गयी, कहां विशेष कार्य की गुंजाइश है आदि से सम्बन्धित जानकारी का लगातार अपडेट प्रदान करेगा।
गुड गवर्नेन्स के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में तीन एमओयू किए गए. जिसमें एनएफएसयू एवं मुख्यमंत्री जनसंपर्क इकाई, एमएनएफएसयू एवं सी.एम. डैशबोर्ड तथा वाधवानी फाउंडेशन और मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रशासनिक इकाई के बीच विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए एमओयू किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी के अधिकतम उपयोग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी का संयुक्त प्रयास जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी से आग्रह किया कि वे वह न करें जो वह सुशासन के लिए उचित समझते हैं, बल्कि संयुक्त टीम वर्क के माध्यम से लिए गए सर्वसम्मति निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने आगे कहा कि गलतियां अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से हो सकती हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को गलतियों के लिए जगह नहीं देनी चाहिए। उन्होंने ‘ज़ीरो एरर’ के मंत्र के साथ काम करने का अनुरोध किया।
उनके एपीआरओ विवेक त्रिवेदी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री पटेल कल्याणकारी राज्य के सिद्धांत को स्वीकार कर सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में सुशासन मात्र ख्याल संकल्प न रहकर जीवंत वास्तविकता बना है। सीएम कार्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफार्म से प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक निवारण किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आईआईटीआरएएम द्वारा सीएम डैशबोर्ड पर किए गए अध्ययन की रिपोर्ट का विमोचन किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रणव पारेख द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री की अपर कलेक्टर श्रीमती मीता जोशी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उनके मुख्य सलाहकार डॉ. हसमुख अढिया, उनके सलाहकार एस. एस.राठौड़, उनके अपर मुख्य सचिव पंकज जोशी, मुख्यमंत्री की सचिव श्रीमती अवंतिका सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी ए. बी. पंचाल, मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डी. के. पारेख, एनएफएसयू के महानिदेशक पद्मश्री डॉ. जे. एम व्यास, वाधवानी फाउंडेशन के प्रकाश वाधवानी और मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *