गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सरकार हर मोर्चे पर विफल : कांग्रेस

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मोदी सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए कहा है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के जरिए उसकी विफलताओं को घर घर तक पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शनिवार को यहाँ पार्टी मुख्यालय में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का लोगो और भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि सात सितंबर से शुरु हुई भारत जोड़ो यात्रा 29 जनवरी को खत्म हो जाएगी और 30 जनवरी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में पद-यात्रियों के साथ कन्याकुमारी से चल रहे तिरंगे को फहराएंगे।
उन्होंने कहा कि 30 जनवरी सुबह 10 बजे श्री गांधी जब श्रीनगर में तिरंगा लहराएंगे तो उसी समय देश भर में कांग्रेस के कार्यालयों में झंडा फ़हराने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भारत जोड़ो यात्रा देश का नारा बन चुका है और यात्रा के दौरान कांग्रेस ने बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ जो सन्देश दिया वह देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा है।
उन्होंने कहा की 26 जनवरी से भारत जोडो यात्रा का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस के सभी नेता भारत जोड़ो यात्रा का संदेश घर-घर पहुंचाएंगे। उनका कहना था कि सरकार की नीतियों के कारण देश के आम लोगों का जो नुकसान हुआ है उसको सभी लोगों तक अभियान के ज़रिए पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा मकसद में कामयाब रही है।
बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बेरोजगारी का हाल यह है कि दिसंबर में यह 16 माह में सबसे ज्यादा रही। शिक्षा क्षेत्र में मौलाना आजाद छात्रवृत्ति योजना बंद कर दी गई है और यह खतरनाक स्थिति है। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल डीजल अब तक के सबसे ऊंचे दाम पर बिक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *