गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गोयल ने भारतीय उद्यमियों, निवेशकों, अमेरिकी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से की मुलाकात

नई दिल्ली : अमेरिका की यात्रा पर गए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गयोल ने यात्रा के तीसरे दिन सिलिकाॅन वैली में भारतीय मूल के उद्यमियों और उद्यम पूंजीपतियों (वीसी) से बातचीत की। गोयल अमेरिकी विश्वविद्यालयों और अकादमिक जगत के प्रतिनिधियों के साथ एक अलग बैठक में भारत में अमेरिकी विश्वविद्यालयों के परिसर या सुविधाएं शुरू किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की गुरुवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा गया है कि बुधवार को दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम में गोयल ने सिलिकॉन वैली के भारतीय प्रतिनिधियों को भारत में निवेश के नए और उभरते अवसरों और शेष विश्व में भारतीय बाजार के प्रति बढ़ रहे आकर्षण की जानकारी दी। उन्होंने उन्हें भारत के साथ भागीदारी स्थापित करने तथा वर्तमान संबंधों के विस्तार के लिए प्रोत्सहित किया।
गोयल ने भारत में स्टार्टअप इकाइयों के लिए तेजी से फैली अनुकूल पारिस्थितिकी के बारे में अपने विचारा साझा करते हुए उन उद्यमियों और निवेशकों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे महत्वपूर्ण और उभरते तकनीकी क्षेत्रों में काम कर रहे भारत के युवाओं की मदद करने और इसमें अपना खुद का योगदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में प्रमुख शिक्षाविदों के साथ एक गोलमेज चर्चा में भी भाग लिया। इस चर्चा में स्टैनफोर्ड, यूसी बर्कले, फ्रेस्नो स्टेट, यूसी सांता क्रूज़, यूसी डेविस और सिलिकॉन आंध्र विश्वविद्यालय सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रासंगिक वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। गोलमेज़ बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि भारत कैसे विदेशी विश्वविद्यालयों और स्टैनफोर्ड जैसे संस्थानों के साथ सहयोग कर सकता है और संयुक्त परिसर स्थापित कर सकता है।
गोयल ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के सैन फ्रांसिस्को चैप्टर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भी भाग लिया तथा भारत और अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने में चार्टर्ड एकाउंटेंट की भूमिका पर जोर दिया। ‘चार्टिंग न्यू होराइजन्स: सीएज़ एज़ कैटलिस्ट इन द यूएस-इंडिया पार्टनरशिप’ यानी नये छितिज की ओर शीर्षक कार्यक्रम में विचारों का आदन प्रदान किया गया। उन्होंने माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा ​​और यूट्यूब इंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नील मोहन के साथ अलग-अलग बैठक की।
इसके अलावा गोयल ने भारत सहित एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग संगठन के नेताओं और अतिथि अर्थव्यवस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए ऐपेक द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भाग लिया। इस स्वागत समारोह की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने की। ऐपेक के सदस्यों में ऑस्ट्रेलिया, ब्रूनेई दार-ए-सलाम, कनाडा, चिली, चीनी जनवादी गणराज्य, हांगकांग, इंडोनेशिया, जापान, कोरिया गणराज्य, मलेशिया, मेक्सिको, न्यूज़ीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, फिलीपींस, रूसी संघ, सिंगापुर, चीनी ताइपे, थाईलैंड, अमरीका और वियतनाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *