27 अप्रैल को द्वितीय दीक्षांत एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय के उप-कुलपति करेंगे 220 छात्राओं को डिग्री प्रदान
गोविंद राम चौधरी करेंगे पुरस्कार से छात्राओं को सम्मानित
26 अप्रैल को छात्राओं की उपस्थिति पुष्टि के साथ दिया जाएगा मंच प्रशिक्षण
महान शिक्षाविदों से विशेष उपाधि प्राप्त करने के लिए छात्राओं को करना होगा पूर्वाभ्यास
27 अप्रैल पूर्वाह्न 10:30 बजे होगा कार्यक्रम आरंभ
कपिल शर्मा | गौरवशाली भारत
नाँगल चौधरी। बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. अनिता तंवर ने गौरवशाली भारत से विशेष वार्तालाप में बताया कि महिला महाविद्यालय में प्रत्येक वर्ष की भांति गुरुवार 27 अप्रैल सुबह 10:30 बजे दूसरा दीक्षांत समारोह के साथ वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में हरियाणा जिला महेंद्रगढ़ ग्राम जाट पाली स्थित केन्द्रीय विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रोफेसर (डाॅ.) टंकेश्वर कुमार मुख्य अतिथि स्वरूप शामिल होंगे। इस अवसर पर कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की छात्राओं को महाविद्यालय में अध्ययन सत्र 2017 से 2020 तक तृतीय वर्ष पूर्ण करने पर स्नातक उपाधि मिलेगी। इसमें करीब 220 डिग्रियाँ शिक्षाविद द्वारा प्रदान की जाएंगी। वहीं, वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में प्रमुख अतिथि की भूमिका में चौधरी बैजनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन एवं अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के उद्योगपति और समाजसेवी भामाशाह स्व. बैजनाथ चौधरी के पुत्र गोविंद राम चौधरी अनमोल इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर द्वारा प्रतिभावान छात्राओं को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि स्वरूप चेयरमैन एंड फाउंडर ऑफ वर्धमान महावीर सोसायटी फरीदाबाद से एस.पी जैन, नारनौल से वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश मेहता, बिजनेसमैन एवंं चौधरी बैजनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य रामानंद अग्रवाल समारोह में शामिल होंगे।
महाविद्यालय प्राचार्या ने बताया कि दीक्षांत समारोह कार्यक्रम के इस गौरवमयी पल को भव्य एवं दिव्य बनाते हुए विशेष तैयारियाँ की गई है। छात्राओं के अनुशासन को ध्यान रखते हुए और डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं की सिटिंग अरेंजमेंट के साथ अटेंडेंस कन्फर्म किया जाएगा और छात्राओं को डिग्री रिसीव के लिए मंच ट्रेनिंग देते हुए रिहर्सल करवाया जाएगा।
साथ ही मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थीयों द्वारा एकेडमिक, कल्चरल, वूमेन सेल और रेड क्रॉस, अभिभाषण, लेखन एवं वाद विवाद जैसी अनेक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राएँ जो क्षेत्र से बाहर की यूनिवर्सिटी में जाकर उम्दा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ श्रेष्ठ स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय में गुरुवार 27 अप्रैल को द्वितीय दीक्षांत एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
