गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

व्यापारियों को डराने के लिये पड़ रहे हैं जीएसटी के छापे

मैनपुरी : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर व्यापारियों को डराने के लिये जीएसटी के छापे डाले जा रहे हैं। पार्टी प्रत्याशी डिम्पल यादव की जीत पर मतदाताओं का आभार व्यक्त करने आये श्री यादव ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में व्यापारियों के यहां पड़ रहे जीएसटी के छापों का सीधा सम्बंध निकाय चुनावों से है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पता है कि व्यापारी निकाय चुनाव में उनके खिलाफ वोट देने जा रहे हैं,इसलिए व्यापारियों को डराने के लिए यह छापे पड़ रहे हैं।
डिम्पल यादव की रिकॉर्ड जीत पर गदगद सपा अध्यक्ष ने सत्तारूढ दल पर कटाक्ष किया कि अब मैनपुरी में भाजपा से कोई टिकट की माँग भी नहीं करेगा। मैनपुरी में लोगों ने जाति और धर्म से उठकर समाजवादी पार्टी को वोट देकर नेता जी (मुलायम सिंह यादव) को श्रद्धाजंलि दी है। मैनपुरी में सैनिक स्कूल,इंजीनियरिंग कालेज ,फोर लेन से सभी निकटवर्ती शहरों को जोड़ने आदि का काम नेता जी ने ही कराया है।
श्री यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैनपुरी में हजारों की संख्या में अर्धसैनिक बल की तैनाती से भी भाजपा को कोई फायदा नहीं हुआ। जनता से बड़ा कोई नहीं है। इस चुनाव में सरकार ने देख लिया कि कितनी भी कोशिश कर लो ,कितना भी फोर्स लगा लो ,पर जनता जो चाहेगी वही होगा।
उन्होने कहा कि मंहगाई,बेरोजगारी,भ्र्ष्टाचार बड़े मुद्दे हैं पर सरकार को यह मुद्दे दिखाई नहीं देते। समाजवादी पार्टी अब पूरे प्रदेश में इन मुद्दों के साथ जनता के बीच जायेगी। इससे पूर्व भोगांव में आयोजित धन्यबाद कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि वह लोगों से जुड़कर उनको धन्यबाद दे रहे हैं। मैनपुरी से जो सन्देश पूरे प्रदेश में गया है उसी पर अब पार्टी काम करेगी।

इस चुनाव में महिलाओं और नौजवानों ने जो समर्थन दिया है वह उनके लिए एक प्रेरक के तौर पर है। इस अवसर पर डिम्पल यादव ने कहा कि वह मैनपुरी के विकास के लिए हमेशा समर्पित रहेंगी और मैनपुरी उनका घर है। अब नेता जी हमारे बीच नहीं हैं पर मैनपुरी के कण-कण में नेता जी हैं और मैनपुरी की इस पावन भूमि की सेवा करने का जो अवसर उन्हें मैनपुरी की जनता ने दिया है उसके लिए वह कृतार्थ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *