गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गार्ड ने बैंक से चोरी किए रुपये

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के गोगावां थाना क्षेत्र के घुघरिया खेड़ी स्थित एक बैंक से 21 लाख रुपए की चोरी के मामले में आज बैंक के गार्ड ने समस्त राशि के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। गोगावा के थाना प्रभारी महेश सुनेया ने बताया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक घुघरिया खेड़ी के गार्ड अंतिम पाटीदार ने आज चोरी की गयी राशि 21 लाख 26 हजार 999 रुपयों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बैंक के अधिकारी व कर्मचारी उसे राशि लॉकर में रखने के लिए देते थे। 31 अक्टूबर की सायं उसने लॉकर में राशि रखी और उसका ताला न लगाते हुए उस पर कागज की सील चस्पा कर दी थी। कर्मचारियों व अधिकारियों के जाने के बाद उसने लॉकर रूम के लकड़ी के दरवाजे पर लगा ताला तोड़ा और लॉकर में रखी 21 लाख 26 हजार 999 रुपये की राशि लेकर भाग गया।
इसके बाद वह खरगोन पहुंचा और फिर उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एक व्यक्ति के घर चले गया। अंतिम पाटीदार ने आगरा में उस व्यक्ति के घर किराये पर रहकर बीएससी (एग्रीकल्चर) की पढ़ाई की थी। चारों तरफ से पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद वह आगरा से भागकर अपने घर लौटा और आज उसके परिजन उसे गोगावा थाने लेकर आ गये। उन्होंने बताया कि संपन्न कृषक का इकलौता पुत्र अंतिम पाटीदार दरअसल गांजा सेवन का शौक रखता है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में लापरवाही के चलते बैंक मैनेजर, कैशियर और एक अन्य अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *