गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पर्यटकों के लिये गाइड लाइन जारी

नैनीताल : नये साल का जश्न मनाने के लिये यदि आप पहाड़ों के राजा नैनीताल आने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिये ही है। नैनीताल पुलिस उन्हीं पर्यटक वाहनों को नैनीताल शहर में प्रवेश करने देगी जिनके पास होटल की बुकिंग होगी और उस होटल में पार्किंग की सुविधा होगी। नैनीताल पुलिस की ओर से देर से जारी गाइड लाइन के अनुसार यहां वाहनों की पार्किंग क्षमता लगभग 1200 वाहनों की है और इसके भर जाने के बाद पुलिस पर्यटक वाहनों को शहर से बाहर रोक देगी और वहां से पर्यटकों को शटल सेवा से शहर तक लाया जायेगा।
इसके लिये पुलिस ने शहर से बाहर रूसी बाईपास नंबर -1 व नंबर दो पर पार्किंग की व्यवस्था की है। हल्द्वानी रोड से आने वाले पर्यटक वाहनों को नैनीताल शहर से 10 किमी दूर रूसी बाईपास पर रोका जायेगा। यहां पर्यटक वाहनों को रोक कर पर्यटकों को शटल सेवा से नैनीताल लाया जायेगा। इसके अलावा कालाढूंगी रोड से आने वाले पर्यटक वाहनों को भी शहर से लगभग 10 किमी दूर रूसी बाईपास पार्किंग नंबर-दो पर रोका जायेगा और यहां से भी पर्यटकों को शटल सेवा से शहर तक लाया जायेगा।
इसी प्रकार भवाली की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को भी शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्हें भवाली से ज्योलिकोट नंबर वन बैंड होते हुए रूसी बाईपास पर रोका जायेगा। कैंची धाम व अल्मोड़ा-रानीखेत जाने वाले पर्यटकों को नैनीताल शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा। हल्द्वानी रोड से आने वाले पर्यटकों को एचएमटी बैंड से भीमताल होते हुए आगे के लिये भेजा जायेगा। इसी प्रकार कालाढूंगी रोड से आने वाले पर्यटकों को ज्योलिकोट नंबर वन बैंड से भवाली होते हुए आगे जाने की अनुमति होगी।
इसके अलावा पुलिस ने रामनगर, काशीपुर, हल्द्वानी शहरों के लिये भी डायवर्जन प्लान तैयार किया है। नैनीताल शहर में यातायात व्यवस्था को संभालने के लिये पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है। थर्टी फर्स्ट के दिन अपर व लोअर माल रोड पर किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों व कर्मचारियों को इस व्यवस्था से छूट दी है। सुरक्षा के लिहाज से भी पुलिस व्यवस्था दुरूत रखने का दावा किया गया है। जो भी पर्यटक पर्यटक नगरी नैनीताल व अन्य शहरों का रूख करना चाहता है। वह नैनीताल पुलिस की वेबसाइट पर जारी यात्रा प्ला को जरूर जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *