गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेमीफाइनल में पहुंचीं हद्दाद मैया, स्वियातेक

पेरिस : बीट्रिज़ हद्दाद मैया बुधवार को क्वार्टरफाइनल में ट्यूनीशिया की ओन्स जब्योर को हराकर फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली पहली ब्राज़ीलियन महिला बन गयीं। कोर्ट फिलिप चैट्रियर पर खेले गये मुकाबले में हद्दाद मैया ने जब्योर को दो घंटे 29 मिनट में 3-6, 7-6(5), 6-1 से मात दी। सेमीफाइनल में हद्दाद मैया का सामना गुरुवार को पोलैंड की इगा स्वियातेक से होगा, जो एकतरफा क्वार्टरफाइनल में अमेरिका की कोको गौफ को 6-4, 6-2 से हराकर आ रही हैं।
हद्दाद मैया किसी ग्रैंड स्लैम आयोजन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी ब्राज़ीलियन महिला भी हैं। ओपन एरा में उनसे पहले सिर्फ मारिया बुएनो (1968) ने अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में ब्राज़ील का प्रतिनिधित्व किया है। रोला गैरों से पहले हद्दाय मैया ने न तो किसी ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता के दूसरे चरण से आगे कदम रखा था और न ही जब्योर के खिलाफ एक भी सेट जीता था। क्वार्टरफाइनल के पहले सेट में भी जब्योर ने ही बाज़ी मारी, लेकिन हद्दाद मैया ने शानदार वापसी करते हुए जीत अपने नाम कर ली।
पहला सेट गंवाने के बाद हद्दाद मैया ने मजबूत सर्विस की। जब मुकाबला 5-5 पर बराबर था तब जब्योर ने दो ब्रेक पॉइंट अर्जित किये, लेकिन हद्दाद मैया ने दोनों बार ही उन्हें जीतने नहीं दिया। जब्योर ने खुद भी एक ब्रेक पॉइंट बचाया, लेकिन टाइब्रेकर में हद्दाद मैया के मजबूत फोरहैंड ने उन्हें यह सेट जिता दिया। तीसरे सेट में हद्दाद मैया ने तेजी के साथ 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन जब्योर ने भी संघर्ष करते हुए एक गेम अपने नाम किया। जब हद्दाद मैया 5-1 से आगे थीं तब जब्योर ने सर्व करते हुए चार अप्रत्याशित गलतियां कीं, जिन्होंने हद्दाद मैया को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *