नैनीताल : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कुमाऊं आयुक्त ने एक गोदाम में छापा मारकर 70 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथीन पकड़ी है। पालीथीन को जब्त कर लिया गया है। गोदाम मालिक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आयुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि हल्द्वानी में धड़ल्ले से प्रतिबंधित पालीथीन (सिंगल यूज) की बिक्री हो रही है। यही नहीं बनभूलपुरा के रेलवे स्टेशन बाजार में एक गोदाम में लाखों रुपये की प्रतिबंधित पालीथीन रखी गयी है। आज रावत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम में छापा मारा। भूतल पर बने गोदाम में 70 कुंतल प्रतिबंधित पालीथीन के कैरी बैग रखे थे। इसे देखकर सभी हक्के बक्के रह गये। साथ गयी नगर निगम की टीम ने बरामद माल को कब्जे में ले लिया।
आयुक्त ने 04 दुकानों और बेसमेंट को सील करने के निर्देश दे दिए। साथ ही गोदाम के मालिक आशिफ पर एक लाख का जुर्माना लगाया गया है। जांच में पता चला कि बरामद पॉलीथीन दिल्ली, देहरादून, बरेली और रुद्रपुर सइडकउल स्थित जिंदल इंडस्ट्री से खरीदी गई। रावत ने जीएसटी बिलों की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी डिप्टी कमिश्नर एसटीएफ हेमलता शुक्ला को दिये।
छापे की कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त हल्द्वानी पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, डिप्टी कमिश्नर एसटीएफ हेमलता शुक्ला मौजूद रहे। गौरतलब है कि केन्द्र, राज्य सरकार और उत्तराखंड उच्च न्यायालय की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंध किया गया है। इसके बावजूद प्रशासनिक नकारेपन के चलते मैदानी इलाकों में धड़ल्ले से प्रतिबंधित प्लास्टिक की बिक्री हो रही है।
हल्द्वानी : 70 क्विंटल प्रतिबंधित पालीथीन बरामद
