गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हल्द्वानी दंगा का मास्टर माइंड मलिक की पत्नी गिरफ्तार

नैनीताल : उत्तराखंड के हल्द्वानी दंगे के मास्टर माइंड अब्दुल मलिक की पत्नी साफिया मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टी एस मीणा के अनुसार साफिया को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिहारीपुर गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह यहां छिपी हुई थी। उसे विशेष अभियान समूह (एसओजी) और पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया।
आज उसे हल्द्वानी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। साफिया मलिक पर जालसाजी और धोखाधड़ी का आरोप है। उस पर अपने पति अब्दुल मलिक और चार अन्य लोगों के साथ मिल कर हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित कंपनी बाग में नगर निगम की लीज की भूमि को धोखाधड़ी और जालसाली से खुर्दबुर्द करने का आरोप है।
यह भी आरोप है कि भूमि को हड़पने के लिये आरोपियों ने न्यायालय में कूटरचित दस्तावेज और फर्जी शपथ पत्र पेश किये। हल्द्वानी नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ इसी साल 22 फरवरी को गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
आरोपी तभी से फरार थी। पुलिस उसके पति अब्दुल मलिक, पुत्र अब्दुल मोइद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब्दुल मलिक पर दंगा की साजिश रचने का भी आरोप है। उसके खिलाफ इस मामले में अलग से अभियोग पंजीकृत है।
यहां बता दें कि इसी जमीन पर से अतिक्रमण हटाये जाने के दौरान विगत आठ फरवरी को खास समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया था। आक्रोशित भीड़ ने बनभूलपुरा थाना को भी आग के हवाले कर दिया था। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी थी और करोड़ों की संपत्ति नष्ट हो गयी थी। पुलिस अभी तक इस मामले में सौ से अधिक दंगाइयों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *