हरदा : मंगुभाई पटेल ने कहा कि हरदा छोटा जिला होने के बाद भी विकसित और समृद्ध जिला है। यहाँ के लोग परिश्रमी हैं। वे विकास की दौड़ में अपना समस्त योगदान देने के लिये तत्पर दिखाई देते हैं।
पटेल ने आज हरदा जिले के दौरे पर ग्राम रहटगांव और केलझिरी के ग्रामीणों को कई सौगातें दी। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरदा विकास के मार्ग पर अग्रसर है। राज्यपाल ने ग्राम रहटगांव में 29 करोड़ 33 लाख रूपये के एकलव्य आवासीय विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। केलझिरी में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये। स्थानीय सासंद डी.डी. उइके, टिमरनी विधायक संजय शाह और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
राज्यपाल ने ग्राम रहटगांव में एकलव्य आवासीय विद्यालय भवन की सौगात देते हुए कहा कि बच्चों को अपने क्षेत्र के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रौशन करने के लिये खूब पढ़ना-लिखना है। शिक्षा ही आगे बढ़ने के मार्ग को प्रशस्त करती है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश के सभी 52 जिलों में उनके दौरे पूर्ण हो गये हैं। ग्राम केलझिरी में राज्यपाल पटेल ने कहा कि उन्होंने अभी तक जितने आँगनवाड़ी केन्द्रों का भ्रमण किया है, उनमें केलझिरी का आँगनवाड़ी केन्द्र सबसे सुन्दर और व्यवस्थित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में लाड़ली बहना योजना प्रारम्भ की है। योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधरेगी तथा समाज और परिवार में उनका सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान और निःशुल्क गैस कनेक्शन की सुविधा दी है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि जनजातीय बहुल ग्रामों में आँगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों और महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, जिससे सिकल सेल एनिमिया संबंधी रोग की पहचान हो सके और समय पर उपचार किया जा सके।
कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि राज्यपाल पटेल ने सिकल सेल एनिमिया के प्रति लोगों को जागरूक करने का महती कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हरदा देश का पहला जिला है, जहाँ सबसे पहले स्वामित्व योजना का लाभ लोगों को मिलना सुनिश्चित किया गया। हरदा के रामभरोस विश्वकर्मा लाभान्वित होने वाले पहले हितग्राही हैं। राज्य और केन्द्र सरकार ग्रामीणों और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये विभिन्न योजनाएँ बेहतर तरीके से क्रियान्वित कर रही हैं, जिससे आमजन के मन में हमारी सरकार के प्रति विश्वास पक्का हुआ है।
राज्यपाल ने रहटगांव आवासीय विद्यालय का लोकार्पण करने के बाद छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई तथा गुरूजनों और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। राज्यपाल श्री पटेल ने उपस्थित छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि वे मिल-जुल कर रहें और स्कूल, माता-पिता और गुरूजनों का नाम रौशन करें। राज्यपाल ने स्कूल भवन का अवलोकन भी किया।
पटेल ने ग्राम केलझिरी में आँगनवाड़ी केन्द्र का अवलोकन कर बच्चों से व्यवस्थाओं और पोषण आहार संबंधी जानकारी ली। राज्यपाल ने आँगनवाड़ी भवन की व्यवस्थाओं और साज-सज्जा की सराहना की। उल्लेखनीय है कि ग्राम केलझिरी का आँगनवाड़ी केन्द्र “एडॉप्ट एन आँगनवाड़ी” कार्यक्रम में कलेक्टर ऋषि गर्ग ने गोद लेकर सौन्दर्यीकरण और विकास की जिम्मेदारी ली है। श्री पटेल ने ग्राम केलझिरी में मौलश्री का पौधा लगाया और गो-सेवा कर गायों को चारा भी खिलाया।
हरदा छोटा लेकिन विकसित और समृद्ध जिला
