बालाघाट : मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र में आज हॉकफोर्स के जवानों ने चौदह लाख रुपए के एक इनामी हार्डकोर नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला निवासी नक्सली मड़काम हिड़मा को जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के सूपखार के खमकोदादर वन क्षेत्र में एक मुठभेड़ में हॉकफोर्स के जवानों ने ढेर कर दिया। हिड़मा, माओवादियों के एमएमसी (मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़) जोन की जीआरबी (गोंदिया, राजनांदगांव, बालाघाट) डिविजन के एसजेडसीएम (स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर) राजेश उर्फ दामा का विश्वस्त सहयोगी था।
हिड़मा पूर्व में माओवादियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी की चेतना नाट्य मंच तथा प्लाटून का सदस्य रहा है। वह पुलिस बल पर हमले की विभिन्न घटनाओं में शामिल रहा है। माओवाद के विस्तार के लिए इसे दो वर्ष पूर्व एमएमसी जोन में भेजे जाने की सूचनाएं आत्मसमर्पित नक्सलियों से पूछताछ में संज्ञान में आई हैं।
मृतक नक्सली के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों की विस्तृत जानकारी बस्तर के विभिन्न जिलों से प्राप्त की जा रही हैं। वहीं, मृतक नक्सली हिड़मा का भाई सीतु मड़काम उर्फ सीतु मुचाकी माओवादियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय प्लाटून नंबर 13 का डिप्टी कमांडर हैं। इस पर मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चौदह लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
चौदह लाख का इनामी हार्डकोर नक्सली ढेर
