गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दो जून को होंगे भाजपा में शामिल होंगे हार्दिक पटेल

अहमदाबाद: गुजरात में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने पुष्टि की है कि वह दो जून को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई। इससे पहले श्री पटेल ने 18 मई को कांग्रेस के शीर्ष और राज्य नेतृत्व पर हमला करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा सूत्रों ने कहा कि हार्दिक पटेल दो जून को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय गांधीनगर के पास श्रीकलाम कोबा में आधिकारिक रूप से पार्टी में शामिल होने की पूरी संभावना है। सूत्रों ने बताया कि वह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर.पाटिल की मौजूदगी में भगवा का दामन थाम सकते हैं। गौरतलब है कि 2015 के पाटीदार आरक्षण आंदोलन के बाद सुर्खियों में आए 28 वर्षीय हार्दिक पटेल पिछले लोकसभा चुनाव से पहले मार्च 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और जुलाई 2020 में कांग्रेस ने उन्हें पार्टी का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था।
हार्दिक पटेल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने त्याग पत्र में कई चीजों का उल्लेख किया था। उन्होंने राम मंदिर और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने जैसे मुद्दों की वकालत की। इससे अटकलें तेज हो गई हैं कि वह जल्द ही सत्तारूढ़ दल भाजपा में शामिल हो जाएंगे। गुजरात में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसी भी अटकलें लगाई गई थीं कि हार्दिक पटेल पहले आम आदमी पार्टी में शामिल होना चाहते थे। राज्य में हिंसक आरक्षण आंदोलन के दौरान उन्हें देशद्रोह के दो मामलों में लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा था। उनके आंदोलन के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल को अपने पद से हटना पड़ा था।
राज्य में वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में इस आंदोलन के असर से भाजपा का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और वह किसी तरह सत्ता में वापसी करने में सफल रही। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर, जिन्होंने पिछले चुनावों में भाजपा का पुरजोर विरोध किया था, वह पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *