गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा: भाजपा 50 सीटों पर बढ़त के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता की राह पर

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना के दोपहर तक प्राप्त रुझानों में बहुमत के आंकड़े को पार कर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ती दिख रही है।
राज्य में विधान सभा की 90 सीटों में भाजपा के उम्मीदवार 50 सीटों पर आगे चल रहे थे जो मतदाताओं में सत्ता पक्ष की लोकप्रियता को दर्शाता है। भाजपा इस कृषि प्रधान प्रदेश में 10 वर्षों से सत्ता में है।
आज सुबह 11 बजे तक प्राप्त चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा 50 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 34 सीटों पर, निर्दलीय और अन्य चार सीटों पर, इंडियन नेशनल लोकदल (इंनेलो) एक सीट पर और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एक सीट पर आगे चल रही है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा अपनी-अपनी सीटों से आगे चल रहे थे। नौवें चक्र की गिनती के बाद जहां श्री हुड्डा 46578 वोटों से आगे चल रहे थे, वहीं आठवें चक्र की मतगणना के बाद बाद श्री सैनी 9671 वोटों से आगे चल रहे थे।
चुनाव आयोग के मुताबिक इंनेलो के अभय सिंह चौटाला ऐलनाबाद में सातवें चक्र की मतगणना पूरी होने पर कांग्रेस के भरत सिंह बेनीवाल से 7710 वोटों पीछे थे।
चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पूर्व उप मुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला 7/16 चक्र की गिनती के बाद उचाना कलां में छठे स्थान पर चल रहे थे।
हरियाणा के हिसार निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल 12 दौर में से तीसरे दौर में वर्तमान में कांग्रेस के राम निवास (रारा) से 7897 मतों के अंतर से आगे चल रही हैं। वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी के डॉ. कमल गुप्ता ने कांग्रेस के राम निवास रारा को हराकर सीट जीती थी।
चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान राज्य की होडल विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। भान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार हरिंदर सिंह से 1,720 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
राज्य की 90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान प्रतिशत 67.90 प्रतिशत रहा। एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है, लेकिन मतगणना के रुझान दूसरी तस्वीर पेश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *