गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

HCL Tech ने विश्व स्तरीय केंद्र का किया शुभारंभ

हैदराबाद: वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेवा कंपनी HCL Tech ने हैदराबाद में अपनी नई अत्याधुनिक केंद्र का शुभारंभ किया। कंपनी का यह नया केंद्र 3.2 लाख वर्ग फीट में फैली है और इससे 5,000 नई नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। इसका उद्घाटन तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू और HCL Tech के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार की उपस्थिति में किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार लगातार बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर कर रही है और उनके अनुरूप नई सुविधाओं का उद्घाटन कर रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “तेलंगाना और हैदराबाद शहर देश में सबसे तेजी से विकास कर रहे हैं। यह गर्व का क्षण है कि तेलंगाना ने सिर्फ एक साल में घरेलू और बहुराष्ट्रीय कंपनियों से सबसे अधिक निवेश आकर्षित किया है, साथ ही रोजगार सृजन में भी नंबर एक स्थान प्राप्त किया है।” रेड्डी ने बताया कि तेलंगाना आर्टिफिशेयल इंटेलिजेंस (AI) में सबसे आगे है और यहां महंगाई दर भी सबसे कम है। उन्होंने आगे कहा कि हैदराबाद को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग में अग्रणी बनाने के साथ ही राज्य को डेटा सेंटर, हरित ऊर्जा, जीवन विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, विनिर्माण और कृषि प्रसंस्करण का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “लोग अब कह रहे हैं कि हैदराबाद का विकास नहीं रुकेगा। जब मैंने ‘तेलंगाना राइजिंग’ का नारा दिया था तब कुछ लोगों को संदेह था लेकिन अब पूरी दुनिया इसे स्वीकार कर रही है। इसी तरह, ‘हैदराबाद राइजिंग’ पर भी लोगों को संदेह था, लेकिन आज पूरा विश्व इस प्रगति को देख रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *