नई दिल्ली : देश में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंकिंग सेवा प्रदाता एचडीएफसी बैंक को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 11,125.21 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ जो एक वर्ष पूर्व इस अवधि के 9,096.19 करोड़ रुपये के लाभ से 23.30 प्रतिशत ऊंचा है। एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत आधार पर उसका शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 10,605.78 करोड़ रुपये रहा जो एक वर्ष पूर्व समान तिमाही में 8,834.31 करोड़ रुपये था।
आलोच्य तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 46,182 करोड़ रुपये रही जो जुलाई-सितंबर 2021 की अवधि में 38,754 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक का खर्च प्रावधानों और आकस्मिक व्यय को छोड़कर 28,790 करोड़ रुपये जो एक वर्ष पूर्व 22,947 करोड़ रुपये था। आंकड़ों के अनुसार, दूसरी तिमाही की समाप्ति पर बैंक का सकल एनपीए (अवरुद्ध ऋण) 1.23 प्रतिशत रहा जो एक वर्ष पूर्व 1.35 प्रतिशत था, तथा इससे पिछली तिमाही में 1.28 प्रतिशत था। इस दौरान बैंक का शुद्ध एनपीए कुल ऋण का 0.33 प्रतिशत था।
एचडीएफसी बैंक की 30 सिंतबर 2022 को समाप्त हुयी तिमाही में कुल बैलेंस शीट 20.8 प्रतिशत के इजाफे के साथ 22,27,893 करोड़ रुपये रही जो एक वर्ष पूर्व 18,44,845 थी। इस दौरान बैंक में कुल जमा 19 प्रतिशत बढ़कर 16,73,408 करोड़ रुपये रही। चालू और बचत खातों (कासा) में जमा राशि में 15.4 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया जिसमें बचत खातों में 5,29,745 करोड़ रुपये और चालू खातों में 2,29,951 करोड़ रुपये जमा है।
कुल जमा में कासा का हिस्सा 45.4 प्रतिशत है। वहीं बैंक में सावधि जमा 22.1 प्रतिशत बढ़कर 9,13,712 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। एचडीएफसी बैंक द्वारा बांटे गए ऋण की राशि दूसरी तिमाही के अंत में 23.4 प्रतिशत बढ़कर 14,79,873 करोड़ रुपये रही। जुलाई-सितंबर 2022 की तिमाही के अंत में बैंक की शाखाओं की संख्या 6,499 और एटीएम एवं सीडीएम मशीनों की संख्या 18,868 थी जो देश के 3,226 शहरों/कस्बों में थी। एक वर्ष पूर्व बैंक 2,929 शहरों और कस्बों में 5,686 शाखाओं और 16,642 कैश मशीनों के साथ कार्य कर रहा था।
