अहमदाबाद : स्वास्थ्य डायबिटीज केयर और ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ डायबिटीज एंड रिसर्च द्वारा गुजरात में अहमदाबाद के सरदारधाम में छह से आठ जनवरी तक ‘स्वास्थ्यकॉन 2023’ का आयेाजन किया जाएगा। स्वास्थ्य डायबिटीज केयर निदेशक डॉ यश पटेल ने गुरुवार को यहां बताया कि इस सम्मेलन का विषय ‘लर्निंग बाय शेयरिंग’ है। इस कांफ्रेंस में देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेंगे। टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चे और ऐसे मरीजों की मदद करते डॉक्टर आठ जनवरी को दोपहर 12-30 बजे से 1-30 बजे तक बैठक में शामिल होकर इसका लाभ उठा सकते हैं।
डॉ पटेल ने बताया कि अहमदाबाद की स्वास्थ्य डायबिटीज केयर और ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ डायबिटीज एंड रिसर्च द्वारा ‘प्रोजेक्ट कृष्णा’ लॉन्च किया गया है, जिसमें मेडिकल छात्रों को टाइप-1 डायबिटीज वाले बच्चों की देखभाल करने और डायबिटीज को मात देने में उनकी मदद करने का काम सौंपा गया है। स्वास्थ्य डायबिटीज केयर ‘प्रोजेक्ट कृष्णा’ के तहत गुजरात और पड़ोसी राज्यों के टाइप-1 डायबिटीज वाले 400 से अधिक बच्चों को गोद लिया जाएगा।
बच्चों को मुफ्त इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और अन्य चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी प्रत्येक रोगी के लिए एक मेडिकल छात्र आवंटित किया जाएगा।। यह मेडिकल छात्र साल भर ऐसे बच्चों से जुड़ेगा और उनकी डायबिटीज देखभाल में उचित मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य डायबिटीज केयर और ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ डायबिटीज एंड रिसर्च द्वारा टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के साथ एक बैठक तथा उनके करियर, उनकी मेंटल केयर, मैरिज काउंसलिंग पर भी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। पिछले 20 वर्षों में हजारों बच्चों और उनके माता-पिता ने ऐसी बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लिया है।
