गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में बारिश से भारी तबाही

छह लोगों की गई जान

शिमला : हिमाचल प्रदेश में बारिश ने भारी तबाही मचायी है। बारिश को लेकर जारी रेड अलर्ट के बीच प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान बारिश, लैंडस्लाइड के चलते 06 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पति-पत्नी और पुत्र भी शामिल हैं। वहीं, चार राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रदेश की कई सड़कें बंद है। अहम बात यह है कि हिमाचल के बिलासपुर जिले में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है।
बारिश के कारण मंडी से मनाली तक चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं। लेह मनाली राजमार्ग पर 20 घंटे से आवाजाही नहीं हुई है। प्रदेश भर में बारिश के चलते करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। मंडी में ब्यास नदी का पानी ऊफान पर है और यहां पर नदी किनारे से कई लोगों ने घर खाली कर दिए हैं।मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर में नंगल डैम में 282 एमएम, बिलासपुर में 224, ऊना में 228, ओलिंदा में 215, लाहौल के गोंधला में 122 एमएम बारिश हुई है। सूबे के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना में बहुत भारी बारिश हुई है। इसके अलावा, शिमला में 80, सुंदरनगर में 83, मनाली 131, सोलन 107, नाहन 131, पालमपुर, चंबा 146, बिलासपुर 130, धौलाकुआं 81, कांगड़ा के देहरागोपीपुर 175 एमएम पानी बरसा है। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि जिले में भारी वर्षा की वजह से 10 जुलाई सोमवार को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि गत शनिवार सुबह से ही जिले में लगातार बारिश हो रही है जिसके कारण अधिकतर संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं तथा मौसम विभाग द्वारा भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।इसी के मद्देनजर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों सरकारी तथा निजी विद्यालयों , महाविद्यालयों तथा आईटीआई में सोमवार 10 जुलाई को अवकाश रहेगा। उपायुक्त लाहौल स्पीति राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले में भारी बारिश के कारण 10 जुलाई सोमवार को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। वहीं, डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने भी जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में सोमवार 10 जुलाई को छुट्टी घोषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *