भोपाल : मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर हुई हल्की से मध्यम बारिश के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के महाकौशल अंचल समेत अन्य कई स्थानों पर मौसम विभाग ने कहीं-कहीं गरज चमक के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। राज्य के पश्चिमी हिस्स में आने वाले शिवपुरी जिले में बीते चौबीस घंटों के दौरान दूसरे स्थानों की तुलना में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। शिवपुरी जिले में 87 मिमि वर्षा दर्ज की गई। वहीं रायसेन में 49, ग्वालियर, 28़ 2, उज्जैन 25़ 4, छिंदवाड़ा 20़ 4, दतिया में 13,नर्मदापुरम 12़ 8, नौगांव 11 और इंदौर, सागर, गुना, पचमढ़ी, रतलाम, खंडवा, मंडला, बैतूल, भोपाल में 3 मिमि से 1 मिमि के बीच वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बुलेटिन के माध्यम से बताया कि प्रदेश के जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, रायसेन, भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा, देवास, शाजापुर, मंदसौर और नीमच, सीहोर, उज्जैन, बैतूल जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। संभावना व्यक्त की गई है कि इन स्थानों पर 64़ 5 मिमि से 115़ 5 मिमि के बीच वर्षा हो सकती है।
इसी तरह राज्य के शहडोल, जबलपुर, सागर, नर्मदापुर, भोपाल और उज्जैन संभाग के जिले के अलावा इंदौर, धार, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, गुना, अशोक नगर और शिवपुरी जिले में अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षा या बौछारे पड़ सकती है। रीवा व चंबल संभागों के जिलों के अलावा बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, ग्वालियर और दतिया जिले में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमानों में मामूली रुप से गिरावट आने के आसार है।
राज्य की राजधानी भोपाल में आज सुबह से आसमान में बादल छाये रहे, बीच-बीच में हल्की वर्षा दर्ज की गई। अगले चौबीस घंटों के दौरान आकाश की स्थिति मेघमय होने के साथ ही भोपाल और इसके आसपास हल्की वर्षा या बौछारे पड़ सकती है।
मध्यप्रदेश में भारी वर्षा के आसार
