गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर में तेज बारिश , हिमपात के आसार

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में ज्यादातर स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है वहीं अगले सप्ताह सोमवार से तेज बारिश और हिमपात के आसार हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर से तीव्र पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) के जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में असर पड़ेगा जिसके कारण 17 से 21 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर तेज बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इसी अवधि में मैदानी इलाकों और निचले इलाकों सहित अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या हिमपात के आसार हैं। इसके साथ ही कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा, गंदेरबल, बडगाम, शोपियां के मध्य और ऊंचे इलाकों में भारी हिमपात के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि में दिन के तापमान में भी गिरावट आयेगी। राजधानी श्रीनगर में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में तापमान शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के पिकनिक स्पॉट कोकेरनाग में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

पहलगाम में रात के तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई और न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान में और सुधार हुआ और बुधवार के शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज़ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *