राजकोट : गुजरात में राजकोट जिले के पडधरी के एक गांव से आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने 214.62 करोड़ रु की हेरोइन बरामद करके नयी दिल्ली से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। एटीएस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सूचना के आधार पर पडधरी तालुका के जी गौशाला से न्यारा गांव के रास्ते पर चेकडैम के निकट छापा मारा गया। इस दौरान मौके से 31 प्लास्टिक के पैकेट में 30.66 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गयी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 214.62 करोड़ रुपये आंकी गयी है। उसके बाद इस सिलसिले में गुजरात एटीएस, क्राइम ब्रांच सूरत और एनसीबी दिल्ली की संयुक्त टीम ने नयी दिल्ली में उत्तम नगर, आनंद विहार के एक मकान पर छापेमारी करके वहां से नाइजीरिया के एक युवक को पकड़ कर उससे मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
