गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पंजाब में हेरोइन, तीन ड्रोन और पिस्तौल बरामद

जालंधर : पंजाब के अमृतसर और तरनतारन जिलों से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने ड्रोन से गिरायी गयी लगभाग एक किलो 716 ग्राम हेरोइन, तीन ड्रोन और एक पिस्तौल बरामद किये हैं।
बीएसएफ प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात बीएसएफ खुफिया इकाई को जिला अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन और संदिग्ध हेरोइन के पैकेटों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली। इसके अलावा, सूचना के आधार पर बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और संदिग्ध इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान रात लगभग 10:45 बजे हरदो रतन गांव से सटे एक कटी हुई फसल के खेत से जवानों ने एक पैकेट (कुल वजन 460 ग्राम) हेरोइन बरामद किया, जो पीले रंग के चिपकने वाले टेप से लिपटा हुआ था और एक छोटी टॉर्च काले रंग के चिपकने वाले टेप से बंधी हुई थी। पैकेट के साथ एल्युमिनियम की एक अंगूठी भी लगी हुई मिली।
इसी प्रकार, एक अन्य मामले में जिला अमृतसर में सीमा बाड़ से आगे के क्षेत्र में किसान रक्षक ड्यूटी करते समय, बीएसएफ ने शुक्रवार की शाम को गांव भिंडी नैन से चप्पलों में छुपाये गये संदिग्ध हेरोइन के दो पैकेट बरामद किये। चप्पलों का निरीक्षण करने पर पता चला कि चप्पलों के तलवों में पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लपेटे हुये संदिग्ध हेरोइन के दो पैकेट (कुल वजन – 435 ग्राम लगभग) छुपाये गये थे।
प्रवक्ता ने बताया कि ड्रोन की उपस्थिति के बारे में एक सूचना मिलने पर बीएसएफ के जवानों ने तलाशी अभियान में अमृतसर जिले के रतनखुर्द गांव से सटे एक खेत में सुबह लगभग आठ बजे एक ड्रोन बरामद किया। बरामद ड्रोन की पहचान चीन निर्मित डीजेआई माविक 3 क्लासिक के रूप में की गयी है। एक अन्य मामले में बीएसएफ ने अमृतसर जिले के भरोपल गांव से ड्रोन द्वारा गिरायी गयी एक पिस्तौल बरामद की है।
बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त रूप से तरनतारन जिले के संकटारा गांव से 406 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। इसके अतिरिक्त शुक्रवार अपराह्न 03:30 बजे, सीमा बाड़ गेट प्रबंधन ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों ने तरनतारन जिले के गांव कालिया के पास कटाई के उद्देश्य से बाड़ के आगे खेत की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर के नीचे से कुचलने की आवाज सुनी। जवानों ने तुरंत ट्रैक्टर को रोका और ट्रैक्टर के टायर के नीचे से एक ड्रोन टूटी हुई हालत में बरामद किया। बरामद ड्रोन की पहचान चीन निर्मित डीजेआई माविक 3 क्लासिक के रूप में की गयी है।
इसी प्रकार बीएसएफ ने तरनतारन जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सीमा बाड़ के आगे ड्यूटी करते समय, गांव कलाश के पास एक खेत से 416 ग्राम हेरोइन के एक पैकेट के साथ एक ड्रोन बरामद किया। बरामद ड्रोन की पहचान चीन निर्मित डीजेआई माविक 3 क्लासिक के रूप में की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *