गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्रदीप हत्याकांड की हो उच्च स्तरीय जांच

डेरा ने की मांग : सिरसा में पुलिस, ख़ुफ़िया एजेंसियां हुई अलर्ट

सिरसा : पंजाब के क़स्बा कोटकपूरा में गुरुवार को एक डेरा अनुयायी की दिनदहाड़े हुई हत्या की डेरा सच्चा सौदा प्रबंधक मंडल ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के अनुसार सिरसा की पंजाब से सटी सीमा पर लगे नाके को भी अलर्ट कर किया गया है। पंजाब से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है इसके अलावा डेरा सच्चा सौदा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी के साथ केंद्र और राज्य सरकार की खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
डेरा सच्चा सौदा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रदीप सिंह की सरेआम हत्या हुई है। डेरा सच्चा सौदा उसकी कड़ी निंदा करता है और मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है। डेरा सच्चा सौदा में सभी धर्मों का आदर सत्कार किया जाता है। किसी भी धर्म की बेअदबी करना तो दूर साध संगत ऐसा सोच भी नहीं सकती। हम यह अपील करते हैं कि इस मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच जल्दी से जल्दी करवाई जाए और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसी के साथ डेरा सच्चा सौदा ने देश विदेश की साध संगत से अपील की हैं कि वे अमन और शांति बनाए रखें।
डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदीप कुमार पंजाब के कोटकपूरा कस्बा निवासी थे। वह लंबे समय से दूध डेरी का काम करता था। आज सुबह करीब सात बजे छह दबंगों ने सरेआम गोली मारकर प्रदीप की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बरगढ़ी बेअदबी मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो की अदालत ने 2016 में प्रदीप को क्लीन चिट दे दी थी इसके बावजूद जानलेवा हमला करना बेहद ही निंदनीय है।
मृतक प्रदीप की पत्नी सिमरन कौर ने एक बयान जारी कर कहा है कि शरारती किस्म के लोग पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं। वह डेरा सच्चा सौदा से जुड़े हैं मगर उनकी शादी एक गुरुद्वारा में आनंद कारज पद्धति से ही हुई थी वह सिख धर्म के विरोधी नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *