शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले 24 घंटे के दौरान हो रही बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई है, जिसके कारण यातायात शहर में ठप हो गया है। संजौली लक्कड़ बाजार कनलोग सहित अन्य हिस्सों में सड़कें अवरुद्ध हो गई है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह नुकसान का ज्यादा लेने के लिए खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने संजौली लक्कड़ बाजार आईजीएमसी सड़क पर हुए भूस्खलन के नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को सड़कों को तुरंत बहाल करने के दिशा निर्देश जारी किए हैं।
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश भर में 750 सड़कें बंद पड़ी है, जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बद्दी हाईवे का ब्रिज भी क्षतिग्रस्त हो गया है इसके अलावा शिमला शहर में भी भारी नुकसान देखने को मिला। बहुत से पेड़ काट रोड पर और लिंक रोड पर गिरे हैं और जगह-जगह लैंड साइड भी हुआ है। पेड़ों को सड़क से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है और सड़कों को जल्दी बहाल किया जाएगा। इसको लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश होने के चलते मिट्टी काफी कमजोर हो गई है, जिसके चलते जगह-जगह पेड़ गिर रहे हैं। पेड़ो को हटाने का कार्य शुरू किया गया है। साथ ही यदि कोई खतरनाक पेड़ है तो वह विभाग को इसकी सूचना दे। उन्हें तुरंत हटाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि दो दिन तक प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और लोग भी अपना पूरा सहयोग प्रशासन को दें। वहीं उन्होंने कहा कि सड़क किनारे ड्रेनेज को लेकर अलग से बजट का प्रावधान किया जा रहा है, इसको लेकर मुख्यमंत्री से भी बात की गई है।
हिमाचल : 750 सड़कें बंद, खोलने का प्रयास जारी
