शिमला : जयराम ठाकुर ने कहा कि हाटी समुदाय की लड़ाई आसान नहीं थी। इसके लिए काफ़ी तैयारी करनी पड़ी, सारी तकनीकी बाधाओं को हल करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिला और उन्होंने सीधे और सरल शब्दों में हां कह दिया। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जो कहते हैं वह करते हैं। आज वह दिन आ गया है। इससे पहले हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने के बाद हाटी समुदाय द्वारा इस संघर्ष के अविस्मरणीय सहयोग देने के लिए जयराम ठाकुर का आभार समारोह शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह आवश्यक था, इसका लाभ हमारे हाटी भांजे-भांजियों को मिलेगा। इस उपलब्धि के लिए मैं अपने सभी हाटी भांजे-भांजियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। ठाकुर ने कहा कि इस बिल को क़ानून बनाने में सहयोग देने वाले सभी संसद सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप का भी मैं विशेष आभार व्यक्त करता हूँ।
उन्होंने कहा कि एक जैसी समाजार्थिक-भौगोलिक स्थितियों के बाद जौनसार बाबर को जनजातीय दर्जा 55 साल पहले मिल गया था लेकिन हाटी समुदाय रह गया था। तब से यह मांग एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ रही थी। अब यह पूरी हुई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने हाटी जनजातीय दर्जा देने पर कई सवाल उठा रहे थे और कह रहे थे कि यह आसान नहीं होगा लेकिन जब यह क़ानून राज्य सभा में आया तो कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लीकार्जुन खड़गे ने भी इसका विरोध नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार प्रकट करने वक़्त लेकर दिल्ली जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष ने हाटी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जल्दी ही आपका मामा सिरमौर भी आएगा।
उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हाटी के बेटे कहे जाने वाले बलदेव तोमर इस बार बहुत थोड़े अंतराल से विधान सभा पहुंचने से चूंक गये। यदि सिरमौर ने पूरा-पूरा साथ दिया होता तो आज प्रदेश की राजनैतिक स्थितियां भी कुछ और होती। उन्होंने कहा कि यह भावनात्मक मसला था, इसे राजनैतिक लाभ हानि के हिसाब से हम नहीं देखते हैं। हमने अपना वादा निभा दिया है और अब हमारे भांजे-भांजियों की बारी है।
उन्होंने कहा यह पीढ़ियों की लड़ाई थी और यह क़ानून भी पीढ़ियों के लिए है। जैसे लोग सामाजिक सौहार्द के साथ रह रहे थे, उसी तरह से आगे भी रहें। हम प्रदेश के हर वर्ग के हितों की आवाज़ उठाते रहेंगे। इस मौक़े पर उनके साथ हाटी संघर्ष समिति के लोगों के साथ शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पावंटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप आदि उपस्थित थे।
