गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल विस उप-चुनाव:भाजपा ने जारी की छह उम्मीदवारों की सूची

शिमला : हिमाचल प्रदेश में उप-चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने छह उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर पार्टी में शामिल होने वाले सभी छह पूर्व विधायकों को टिकट दिया है। पार्टी ने सुधीर शर्मा को धर्मशाला से, रवि ठाकुर को लाहौल स्पीति से, राजिंदर राणा को सुजानपुर से, इंद्र दत्त लखनपाल को बड़सर से, चौतन्य शर्मा को गगरेट से और देविंदर कुमार (भुट्टो) को कुटलैहड़ से टिकट दिया है। ये सभी नेता 23 मार्च को भाजपा में शामिल हुए थे।
हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा सीटों के साथ छह विधानसभा की सीटों पर एक जून को उपचुनाव होना है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए भी पहले ही अपने सभी चार प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सभी प्रत्याशी जल्द ही प्रचार के लिए मैदान में भी उतरने वाले हैं। लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी चार जून को ही आएंगे।
धर्मशाला से भाजपा के प्रत्याशी सुधीर शर्मा और गगरेट से प्रत्याशी चौतन्य शर्मा ने उपचुनाव में जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस सरकार में हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई अब उपचुनाव के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दावा किया है कि वह भारी मतों से उपचुनाव में जीतेंगे। दोनों नेताओं ने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र की के साथ प्रदेश की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के तीन निर्दलीय विधायकों ने भी पिछले दिनों अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में प्रदेश की नालागढ़, देहरा और हमीरपुर सीट पर उपचुनाव होना भी तय है। भाजपा नालागढ़ से कृष्ण लाल ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह और हमीरपुर से आशीष शर्मा को ही अपना प्रत्याशी बनाने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *