गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पुलिस की गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर घायल

श्रीगंगानगर : राजस्थान के बीकानेर जिले में आज तड़के पुलिस की गोली लगने से एक हिस्ट्रीशीटर दीपेंद्र सिंह उर्फ दीपू घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी। दीपेंद्रसिंह को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। घटना का पता चलने पर पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश तथा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने सारे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर दीपेंद्र सिंह उर्फ दीपू विगत 26 दिसंबर 2022 से फरार चल रहा था। नापासर थाना में दर्ज एक मामले में वह वांछित था। दीपेंद्र के झुंझुनू जिले में काली पहाड़ी इलाके में कहीं छुपे होने की सूचना मिली थी। उसे पकड़ने के लिए जिला विशेष दल (डीएसटी) के अलावा कोतवाली प्रभारी संजय सिंह और व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी वेदपाल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को भेजा गया।
इस टीम ने काली पहाड़ी इलाके में दीपेंद्रसिंह को काबू कर लिया। टीम उसे वापस लेकर आ रही थी। देर रात को सेरूणा थाना इलाके में दीपेंद्रसिंह ने लघुशंका से निवृत होने की इच्छा जाहिर की। गाड़ी को साइड में लगा कर दो-तीन पुलिसकर्मी और कोतवाली प्रभारी संजयसिंह उसे लघुशंका से निवृत करवाने के लिए ले गए। इसी दौरान दीपेंद्रसिंह ने कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का पिस्टल छीन लिया। उससे एक फायर किया। पुलिस टीम ने अपना बचाव किया। व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी वेदपाल द्वारा बचाव में चलाई गई गोली दीपेंद्रसिंह के पांव में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि दीपेंद्रसिंह पर 15 अपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *