गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रविवार को होगा हॉकी की प्रतिभाओं का सम्मान

नई दिल्ली : हॉकी की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी में रविवार को यहां भारतीय हॉकी के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिये हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जायेगा।
इस वर्ष के पुरस्कार समारोह में कुल पुरस्कार राशि सात करोड़ 56 लाख रुपये रखी गयी है। आठ श्रेणियों में दिये जाने वाले इन पुरस्कारों के लिये 32 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन खिलाड़ियों की 2023 कैलेंडर वर्ष में भारतीय हॉकी में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सराहना की जाएगी।
पुरस्कार समारोह में ओलंपियन रघबीर लाल, ए.एस. बख्शी, हरबिंदर सिंह, अशोक दीवान, जफर इकबाल, अजीत पाल सिंह, रोमियो जेम्स, जगबीर सिंह, एम.पी. सिंह, और विनीत कुमार जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी वहीं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप टिर्की, महासचिव भोला नाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
भारतीय फारवर्ड अभिषेक को इन पुरस्कारों के लिये दो श्रेणियों में हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले पुरस्कार फॉरवर्ड ऑफ द ईयर 2023 (पुरुष) और हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर 2023 (पुरुष) में नामांकित किया गया है।
अभिषेक ने कहा, “इस साल दो श्रेणियों में नामांकित होना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मैं हॉकी इंडिया के सहयोगी स्टाफ, हमारे कोचों और मेरे साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने लगातार मेरा समर्थन किया और हमेशा सलाह दी। उनके निरंतर समर्थन के कारण, मुझमें आत्मविश्वास आया और मैं स्वतंत्र रूप से प्रदर्शन करने में सक्षम हुआ।”
एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में छह खेलों में तीन गोल करने वाले अभिषेक ने हांग्जो एशियाई खेलों में अपना फॉर्म जारी रखा, जहां उन्होंने सात मैचाे में नौ गोल किए, जिससे उनकी टीम को स्वर्ण पदक जीतने में मदद मिली। पिछले महीने राउरकेला में एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो लीग 2023/24 में स्पेन पर भारत की रोमांचक 2 – 2 (8 – 7 एसओ) की जीत के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
अभिषेक ने कहा, “ यह मेरे लिए एक अच्छा साल था। हर बार जब मैं भारतीय जर्सी पहनकर मैदान पर उतरता हूं, तो मेरा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना होता है कि मैं अपनी टीम को वांछित परिणाम दिलाने में मदद करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *