गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ईमानदारी, देशभक्ति और इंसानियत ‘आप’ के तीन मज़बूत स्तंभ

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कट्टर ईमानदारी, कट्टर देशभक्ति और इंसानियत पार्टी की विचारधारा के तीन स्तम्भ हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हुए केजरीवाल ने मंगलवार को सभी समर्थकों, शुभ चिंतकों और आलोचकों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस उपलब्धि को अद्भुत, चमत्कार और अकल्पनीय करार देते हुए कहा कि जब ‘आप’ बनी तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि हमारा एक विधायक भी बन पाएगा, लेकिन महज 10 साल बाद ही राष्ट्रीय पार्टी बन गई। उन्होंने कहा कि ‘आप’ पर देश के करोड़ों लोगों की उम्मीद अब विश्वास बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी का गठन हुआ, तब हमारे पास न पैसे थे और न आदमी। दस साल बाद अब हमारे पास आदमी बहुत हैं, लेकिन पैसे आज भी नहीं हैं, लेकिन भगवान हमारे साथ है। हमारी तो कुछ औकात ही नहीं थी। भगवान ने जीरो से यहां तक पहुंचा दिया। इसका मतलब है कि उपर वाले के दिमाग में कुछ तो चल रहा है। उपर वाला हमसे देश के लिए कुछ तो कराना चाह रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस खुशी के मौके पर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की बहुत याद आ रही है। अगर वह भी यहां होते तो हमारी खुशी में और चार चांद लग जाते। वो देश और हम सब के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस वक्त देश की सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें, जो इस देश का भला और तरक्की नहीं चाहती हैं, वो सारी ताकतें मिल कर आम आदमी पार्टी का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हमें अपनी विचारधारा को याद करने का समय है। आम आदमी पार्टी की विचारधारा के तीन स्तम्भ हैं। पहला, कट्टर ईमानदारी- हम मर जाएंगे, लेकिन देश के साथ गद्दारी व बेइमानी नहीं करेंगे। दूसरा, कट्टर देशभक्ति- देश के लिए जान हाजिर है। जरूरत पड़ी तो फांसी पर चढ़ जाएंगे। तीसरा, इंसानियत- इंसान को इंसान समझना है।
केजरीवाल कहा कि पहली बार हमने यह दिखा दिया कि ईमानदारी से चुनाव लड़े भी जा सकते हैं और जीते भी जा सकते हैं। हमने दिखा दिया कि ईमानदारी से सरकार चलाई भी जा सकती है और सफल सरकार चलाई जा सकती है। हमने साबित कर दिया कि सफल सरकार तो ईमानदारी से ही चलाई जा सकती है, बेइमानी से नहीं। हम सभी का सपना है कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। भारत में दुनिया का नंबर-1 देश बनने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि हम लोग आम आदमी पार्टी में देश के लिए मरने-मिटने के लिए आए हैं। अगर किसी के मन में कभी पद, पैसे, प्रतिष्ठा की आए तो यह इच्छा निकाल दें या फिर आम आदमी पार्टी छोड़ दें। इस देश को पहली बार हम लोगों ने एक पॉजिटिव राजनीति दी है। इस दौरान राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बधाई देते हुए कहा कि केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में महज 10 साल के अंदर आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। आज यह एक सपने के सच होने के बराबर है। भाजपा व कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियां हमारा मजाक उड़ाते थे कि जल्द ही ऊंट पहाड़ के नीचे आएगा, लेकिन कम संसाधनों के बावजूद अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व और एक-एक कार्तकर्ता की मेहनत की बदौलत 10 साल में यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने जनता से किया गया अपना वादा पूरा करके दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *